ई-रिक्शा और टेम्पो में महिलाओं को बातों में उलझाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली पुलिस ने चोरी के मुकदमों में वांछित दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना भिटौली पुलिस ने मंगलवार को सिसवा नहर पुल के पास से दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार महिलाओं की पहचान प्रिया देवी (34 वर्ष) पत्नी कन्हैया निवासी लक्ष्मीपुर, थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर तथा निशा देवी (29 वर्ष) पत्नी अनुज कुमार निवासी कोहरा बुजुर्ग, थाना गोला जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं टेम्पो और ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर उनके गले में पहने लॉकेट, मंगलसूत्र और चेन चोरी कर लेती थीं। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक लॉकेट और एक चैन (पीली धातु) बरामद की गई, जो थाना भिटौली में दर्ज मुकदमा संख्या 119/2026 से संबंधित चोरी का माल है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों अभियुक्ताओं के खिलाफ थाना भिटौली में मुकदमा संख्या 119/2026 एवं 120/2026 के अलावा थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ में भी मुकदमा संख्या 68/2026 दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों अभियुक्ताओं को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।


गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल संजीव श्रीवास्तव, महिला कांस्टेबल आयुषी सिंह तथा महिला कांस्टेबल वंदना गौड़ शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *