डीएम ने किया निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर अस्पताल का निरीक्षण, 15 दिन में कार्य पूर्ण करने का आदेश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 25 अगस्त 2025। जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 50 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के विभिन्न हिस्सों जैसे ग्रीन जोन, लिफ्ट लॉबी, एग्जामिनेशन रूम, आईसीयू कक्ष एवं आइसोलेशन वार्ड का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना के विलंब पर नाराज़गी व्यक्त की और कार्यदाई संस्था को 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही विलंब शुल्क कॉन्ट्रैक्टर पर अधिरोपित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फायर फाइटिंग, विद्युत, जल संयोजन सहित सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं।

जिलाधिकारी ने सीएमएस को भवन निर्माण की गुणवत्ता की जांच हेतु जिलास्तरीय तकनीकी समिति गठित करने का निर्देश दिया। वहीं, विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए सहायक अभियंता यूपीपीसीएल को 33 केवी ट्रांसफार्मर शीघ्र लगवाने का आदेश दिया। उन्होंने हिदायत दी कि अस्पताल के हैंडओवर से पूर्व छोटे से छोटे दोष की जांच कर ली जाए ताकि बाद में कोई समस्या न हो।

भवन की छत का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जल जमाव की स्थिति बिल्कुल न बने, अन्यथा भविष्य में सीलन जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने साफ शब्दों में चेताया कि अस्पताल एक संवेदनशील भवन है, इसलिए गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोष पाए जाने पर कठोर कार्रवाई तय है।

लगभग 15.85 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला भवन तैयार किया जा रहा है, जिसमें गंभीर और संक्रामक रोगियों के इलाज की व्यवस्था होगी।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, डॉ. ए.वी. त्रिपाठी सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *