कोटवा में सड़क किनारे कूड़े का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। परतावल ब्लॉक के कोटवा गांव में मुख्य सड़क के किनारे जमा कूड़े के बड़े ढेर ने स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल दी है। सड़क से सटे इस कचरे के ढेर में प्लास्टिक, पॉलीथिन और घरेलू अपशिष्ट जमा होने से राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के ढेर पर आवारा पशु और कुत्ते लगातार मंडराते रहते हैं, जिससे गंदगी और फैल रही है। बरसात के दौरान यही कचरा सड़क और नालियों में बहकर जलनिकासी व्यवस्था को बाधित कर देता है।

मच्छर-मक्खियों की बढ़ती संख्या से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था नहीं होने से समस्या गंभीर होती जा रही है।


स्थानीय निवासियों ने पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग यार्ड होने के बावजूद सड़क किनारे कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई जा सकी है। सफाईकर्मियों के समय पर न आने और निगरानी के अभाव में स्थिति लगातार खराब हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई और स्थायी समाधान की मांग की है।


खंड विकास अधिकारी परतावल ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित सफाईकर्मियों को 48 घंटे के भीतर कूड़े का ढेर हटाने और स्थल को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में डस्टबिन की व्यवस्था और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *