नहर में गिरे तीन युवकों को राजस्व कर्मियों ने बचाया, नायब तहसीलदार की तत्परता से टला बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



निचलौल। तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने मंगलवार को साहस, संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए नहर में गिरे तीन युवकों की जान बचा ली। यह घटना निचलौल क्षेत्र के चिउटहा मार्ग स्थित जमुई गांव के समीप की है, जहां एक बाइक दुर्घटना के बाद तीन युवक नहर में जा गिरे थे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। बताया जाता है कि वे नशे की हालत में थे। जमुई गांव के पास नहर पर बनी पुलिया से गुजरते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिससे तीनों युवक सीधे नहर में जा गिरे। पानी में गिरने के बाद वे बाहर निकलने में असमर्थ हो गए और उनकी जान पर बन आई।


इसी दौरान वहां से गुजर रहे नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल की नजर नहर में फंसे युवकों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बचाव कार्य शुरू कराया। उनके साथ मौजूद लेखपाल भारतेंदु मिश्रा और रितेश ने भी तत्परता दिखाते हुए जोखिम उठाकर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। समय रहते किए गए प्रयासों से तीनों युवकों की जान बच गई।


घटना के बाद क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं राजस्व कर्मियों की सूझबूझ, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की यह तत्परता समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *