हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन और घुघली के बीच मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे सिसवा बाजार स्टेशन अधीक्षक ने सूचना दी कि स्टेशन और घुघली के बीच किलोमीटर संख्या 338/2-3 के मध्य रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 25 वर्षीय महिला का शव ट्रैक के बीच मिला।

ट्रेन की चपेट में आने से महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मृतका ने सलवार-कुर्ती पहन रखी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल कोठीभार पुलिस को सूचित करे।


