हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बढ़या चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खोल दिए जाने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता उर्मिला देवी ने न्यायालय की शरण ली। प्रकरण की सुनवाई के बाद सिविल जज (जूडि.) कोर्ट संख्या-03/न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज ने कोठीभार थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार विवेचना करने का आदेश दिया है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, दुर्गवलियां निवासी उर्मिला देवी के दामाद लक्ष्मण पुत्र भानदेव, निवासी मेडिहरवा, थाना हनुमानगंज, कुशीनगर, एक जनवरी 2026 की शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से अपनी सास के घर आ रहे थे। आरोप है कि बढ़या चौराहे के पास सड़क पर खड़ी कार संख्या UP56E7046 के चालक ने पीछे देखे बिना अचानक दाहिनी ओर का दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान बाइक सवार लक्ष्मण कार के खुले दरवाजे से टकरा गए।
हादसे में लक्ष्मण को गंभीर चोटें आईं। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि उनका दाहिना पैर तीन स्थानों से टूट गया तथा कंधे की हड्डी भी क्षतिग्रस्त हुई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा बाजार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज रेफर कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इलाज के बाद उन्होंने 12 जनवरी को घटना की सूचना कोठीभार थाने में दी, लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को भी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया।
मामले में न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों को देखते हुए उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विवेचना करने के लिए थानाध्यक्ष कोठीभार को आदेशित किया है। प्रकरण में कार चालक का नाम-पता अज्ञात बताया गया है। न्यायालय में मामला प्रकीर्ण प्रार्थना पत्र संख्या 1212/2026 के रूप में दर्ज है।

