हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव के पास मंगलवार सुबह परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, इमिलिया गांव निवासी 52 वर्षीय नाथू शर्मा मंगलवार सुबह करीब नौ बजे खेत का काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर वार्ड नंबर पांच रानी लक्ष्मीबाई नगर, धनगड़ा निवासी 19 वर्षीय सचिन सवार था। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नाथू शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन का उपचार जारी है। नाथू शर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी माया के अलावा तीन बेटे और एक बेटी हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

