पिता की डांट से आहत किशोरी ने नहर में लगाई छलांग, दूसरे दिन कप्तानगंज में मिला शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ागांव गांव की एक 14 वर्षीय किशोरी का शव बुधवार सुबह कप्तानगंज क्षेत्र में नारायणी नहर में उतराता मिला। मंगलवार को पिता की डांट से नाराज होकर किशोरी ने नहर में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से परिजन, ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।


जानकारी के अनुसार धर्मपुर बड़ागांव निवासी बबलू रावत की दूसरी पुत्री खुशी (14) को मंगलवार सुबह करीब छह बजे किसी बात को लेकर उसके पिता ने डांट दिया था। इससे आहत होकर किशोरी घर से निकल गई और नारायणी नहर में कूद गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने उसे नहर में छलांग लगाते देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।


घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नहर में किशोरी की तलाश शुरू की। पूरे दिन चले सर्च अभियान के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।


बुधवार सुबह एक बार फिर परिजन और एसडीआरएफ की टीम खोजबीन में जुटी थी। इसी दौरान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुम्बाखोर गांव के पास एक राहगीर ने नहर में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना लोगों को दी। तलाश कर रहे परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां बबलू रावत ने शव की पहचान अपनी पुत्री खुशी के रूप में की।


सूचना पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी कप्तानगंज दीपक सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *