पत्रकार से पुलिसकर्मी के दुर्व्यवहार पर रोष, पूर्व विधायक के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



धानी बाजार, महराजगंज। धानी पुलिस चौकी के एक सिपाही पर वरिष्ठ पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार और पुलिसिया रौब दिखाने का आरोप लगा है। सोमवार को तिरंगा यात्रा के दौरान हुई इस घटना को लेकर स्थानीय एवं तहसील क्षेत्र के पत्रकारों में नाराजगी है। पूर्व भाजपा विधायक बजरंग बहादुर सिंह के हस्तक्षेप के बाद मौके पर मामला शांत हुआ।


जानकारी के अनुसार सोमवार को पूर्व भाजपा विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में धानी बाजार में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान फरेन्दा तहसील के वरिष्ठ पत्रकार विशुन देव त्रिपाठी समाचार कवरेज के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर ही रहे थे, तभी धानी पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही जितेंद्र यादव ने उनका वाहन रोक लिया और कथित तौर पर पुलिसिया रौब दिखाते हुए अभद्र व्यवहार किया।


मौके पर मौजूद पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने सिपाही के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विशुन देव त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। पूर्व विधायक के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।


घटना से नाराज पत्रकार विशुन देव त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय और तहसील क्षेत्र के पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *