डीआईजी ने की अपराध समीक्षा, मुहर्रम व त्योहारों को लेकर पुलिस को दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

डीआईजी ने परतावल में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, आमजन से किया संवाद


महराजगंज। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र, गोरखपुर  एस. चन्नप्पा ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीआईजी का स्वागत किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने महिला एवं बाल अपराध, अपहरण, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, वाहन चोरी, हत्या, लूट, अवैध खनन, भूमि विवाद, गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के मामलों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ई-साक्ष्य एवं यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए महत्वपूर्ण मुकदमों में गुणवत्तापूर्ण पैरवी और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के निर्देश दिए।


डीआईजी ने आईजीआरएस में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने तथा सीएम डैशबोर्ड में जनपद की बेहतर स्थिति पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने मुहर्रम के मद्देनजर जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों और ताजियों की ऊंचाई का निरीक्षण कराने, पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा त्योहार रजिस्टर का परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।


उन्होंने अवैध खनन, गोकशी, नाबालिग वाहन चालकों और अन्य अपराधों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच तथा आवश्यकतानुसार नए कैमरे लगाने पर जोर दिया।


परतावल में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अपराध गोष्ठी के बाद डीआईजी एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के कस्बा परतावल में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।


डीआईजी ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि पैदल गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराध एवं अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर सभी थाना परिसरों एवं पुलिस कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *