पोखरे में मिला 7 वर्षीय बालिका का शव, गांव में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बुधवार से लापता थी आफरीन, गुरुवार सुबह पोखरे में मिला शव


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, डूबने से मौत की आशंका


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित गांव में सात वर्षीय बालिका का शव पोखरे में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 7 वर्षीय आफरीन बुधवार से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक पोखरे में बालिका का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


प्राथमिक जांच में बालिका की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *