हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर शादी का आश्वासन देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में दूसरी जगह विवाह तय कर लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है।
युवती द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, उसकी गांव के एक युवक से पिछले करीब तीन वर्षों से बातचीत और नजदीकियां थीं। आरोप है कि युवक ने विवाह का भरोसा दिलाकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस बीच दोनों परिवारों को भी उनके संबंधों की जानकारी हो गई थी और शादी को लेकर सहमति बनने की बात कही जा रही थी।
पीड़िता का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले युवक विदेश चला गया था। जाने से पहले उसने विदेश से लौटने के बाद शादी करने का वादा किया था। हाल ही में युवक के वापस आने पर उसे पता चला कि उसके परिवार वाले उसका विवाह किसी अन्य युवती से तय कर रहे हैं।
युवती का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में युवक और उसके परिजनों से बात करने का प्रयास किया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उसने आरोप लगाया कि युवक के पिता, भाभी समेत अन्य परिजनों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया।
मामले को लेकर पीड़िता ने भिटौली थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और आरोपों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

