तीन लाख रुपये और सोने की चेन की कर रहे थे मांग, पुलिस ने एसपी के निर्देश पर पति समेत चार पर दर्ज किया मुकदमा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /महाराजगंज जिले केश्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पचदेउरी में एक विवाहिता को बेटी जन्म देने पर ससुरालियों ने प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर श्यामदेउरवा पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र के हरखापुर निवासी अनुष्का ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 10 फरवरी 2023 को श्यामदेउरवा क्षेत्र के पचदेउरी निवासी दिव्य मोहन पटेल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के बाद कुछ समय सब ठीक रहा, लेकिन बेटी जन्म लेने के बाद पति दिव्य मोहन पटेल, सास उर्मिला देवी, ससुर चंद्रपाल और ननद आराधना का रवैया बदल गया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने तीन लाख रुपये नकद और सोने की चेन की अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग की। मना करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा घर से निकाल दिया गया। परिजनों के हस्तक्षेप पर इस वर्ष 15 मई को सुलह कर उसे वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका।
पीड़िता के मुताबिक, एक जून की सुबह उसे बच्ची सहित फिर से घर से भगा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने एसपी से गुहार लगाई, जिसके आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

