हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा दिगम्बर गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव नहर के रेगुलेटर पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बरवा दिगम्बर निवासी अनिल साहनी (30 वर्ष) पुत्र ढोढई का शव गांव के समीप स्थित नहर के रेगुलेटर पर कपड़े के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना बुधवार सुबह करीब छह बजे पुलिस को दूरभाष के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए।
मृतक अपने पीछे पत्नी बबिता (28 वर्ष) तथा दो पुत्र आदित्य (9 वर्ष) और देव (7 वर्ष) को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

