हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
निचलौल/महराजगंज। सरकारी भूमि पर वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरहिया गांव में लगभग 16 एकड़ सीलिंग भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। करीब तीन दशक से विवादों में रही इस जमीन पर अवैध रूप से की जा रही खेती को हटाने के लिए प्रशासन ने गन्ने की खड़ी फसल को ट्रैक्टरों से जोतवा दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम प्रधान पूनम चौधरी द्वारा जिलाधिकारी से शिकायत कर गांव की सीलिंग घोषित भूमि पर लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया था। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने जांच की, जिसमें संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में सीलिंग की जमीन पाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि आराजी संख्या 106 एवं 107 की कुल लगभग 16 एकड़ भूमि पर कुछ लोगों द्वारा वर्षों से खेती की जा रही थी। कब्जाधारियों को कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई, लेकिन भूमि खाली नहीं की गई। इसके चलते प्रशासन को सख्त रुख अपनाते हुए कब्जा हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी।
तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कब्जामुक्त कराई गई जमीन को राजस्व विभाग की निगरानी में रखा जाएगा और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान निचलौल थाना प्रभारी अंकित सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

