हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा /महाराजगंज। नगर पंचायत पनियरा में शुक्रवार को हुए हंगामे के बाद शनिवार को चेयरमैन उमेश चंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की अहम बैठक बुलाई गई। बैठक में सभी सभासदों की मौजूदगी में ध्वनि मत से कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह को पद से बर्खास्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को ड्यूटी से गैरहाजिर किए जाने पर नाराज कार्यालय सहायक ने चेयरमैन और अन्य कर्मचारियों से अभद्रता कर दी थी। इस दौरान कार्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए चेयरमैन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था।
चेयरमैन उमेश चंद्र जायसवाल ने बताया कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। बोर्ड के सर्वसम्मत निर्णय के बाद कार्यालय सहायक को सेवा से मुक्त कर दिया गया है। नगर पंचायत प्रशासन ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भी भेज दी है।

