ग्राम प्रधान और गाँव की महिला के बीच मारपीट, दोनों पक्षों के 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

घुघली/महराजगंज- थाना क्षेत्र घुघली अंतर्गत हरपुर महंथ गांव में मंगलवार को हुए दो महिलाओं के बीच कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। प्रथम पक्ष से ज्ञान्ति देवी पत्नी स्व. अछैवर चौधरी ने ग्राम प्रधान कालिंदी देवी और उनके पुत्र डब्लू चौधरी पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी तहरीर में कहा है कि जब वह खेत की ओर जा रही थीं, तभी ग्राम प्रधान और उनके पुत्र ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और सिर फट गया। उनके अनुसार आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। पीड़िता के परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, आरोपी भागकर घर में बंद हो गए। वहीं, द्वितीय पक्ष से ग्राम प्रधान कालिंदी देवी पत्नी सच्चिदानंद चौधरी ने भी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव की ही एक महिला ज्ञान्ति देवी अपने पुत्र अजय के साथ उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर दोनों ने गेट खोलकर घर में प्रवेश किया और मारपीट की, जिससे उन्हें हाथ में चोट आई। उनके अनुसार घटना के समय घर में अन्य कोई सदस्य नहीं था। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *