हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक किशोरी के नहर में कूद जाने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी अचानक देवरिया शाखा नहर के किनारे पहुंची और देखते ही देखते पानी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गई।
घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह नहर की धारा में बह चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही भिटौली चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक स्तर पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ की सहायता ली गई। इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने मोटरबोट के जरिए नहर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
परिजनों के मुताबिक किशोरी घर में किसी बात को लेकर परेशान थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका था। नहर में पानी का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश अभियान में जुटी हुई है।

