घायल युवक के परिजनों का आरोप: शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
गाड़ी थाने में, लेकिन केस नहीं; पीड़ित परिवार ने उठाए सवाल
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र की धानी चौकी अंतर्गत धानी बाजार में हुए एक सड़क हादसे के बाद घायल युवक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दुर्घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद धूमिल होती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार धानी बाजार निवासी राजकुमार पुत्र स्वर्गीय कपिल देव सड़क पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन UP 53 B 1594 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके जबड़े में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार नहीं हुआ और वाहन घटनास्थल पर ही मौजूद था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया था। इसके बावजूद पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अभी तक संबंधित धाराओं में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
घायल युवक के परिवार का कहना है कि वे लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल के इलाज और मुआवजे को लेकर भी कोई सहायता नहीं मिल सकी है।
उधर, क्षेत्र के लोगों ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि वाहन पुलिस की गिरफ्त में है तो घटना की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि घायल युवक को न्याय कब तक मिल पाता है।

