बागापार को नगर पंचायत का दर्जा व विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

विकास से जुड़ी दो प्रमुख मांगों को लेकर ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज, 15 जून। जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बागापार को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने तथा क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र (मिनी पावर हाउस) की स्थापना की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जनहित संघर्ष समिति के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई।


ग्रामीणों का कहना है कि बागापार जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिहाज से नगर पंचायत के सभी मानकों को पूरा करता है। लगभग 20 हजार से अधिक आबादी वाली यह ग्राम पंचायत जिला मुख्यालय से करीब नौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है तथा इसके अंतर्गत 28 छोटे-बड़े टोले शामिल हैं। क्षेत्र में इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस चौकी, डाकघर, बैंक, सहकारी समिति सहित सैकड़ों व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। इसके बावजूद बागापार को अब तक नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका है।


ज्ञापन में क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्या का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बागापार, कटहरा, बेलवाकाजी, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, विजयपुर, बरगदवा राजा, परासखांड, बड़हरा राजा और केवलापुर खुर्द सहित आसपास के कई गांव लंबे समय से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या से जूझ रहे हैं।

बागापार में विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने से हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा और क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।


ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।


इस दौरान जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन, पूर्व ग्राम प्रधान रामराज चौरसिया, मिथिलेश सिंह, धर्मेंद्र यादव, कमालुद्दीन, ऐनुद्दीन, सत्यपाल चौहान, अर्जुन मौर्य, कमलेश शर्मा, दीपक जायसवाल, रामसरन, धर्मेंद्र भारती, मनोज गौतम, रणविजय चौधरी, हरेंद्र गौतम, विकास यादव, विद्यासागर यादव, हरिहर जायसवाल, अनिल चौरसिया, ओमप्रकाश मौर्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *