हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 15 जून 2026। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
अभियान के दौरान फरेंदा रोड स्थित विष्णु इंटरप्राइजेज से पतंजलि ब्रांड के मिक्स्ड अचार एवं मिक्स्ड फ्रूट जैम के नमूने लिए गए। वहीं अन्नपूर्णा सुपर मार्ट से वाटिका ब्रांड का मिक्स्ड अचार तथा वीबा ब्रांड का टोमैटो कैचप जांच के लिए संग्रहित किया गया।
इसके अलावा सिसवा बाजार स्थित गोपाल ब्रदर्स प्रतिष्ठान का निरीक्षण करते हुए आम अचार एवं सेजवान चटनी के नमूने भी लिए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 06 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नमूना संग्रहण एवं निरीक्षण की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, हिमांशु जयंत एवं पवन गौड़ प्रमुख रूप से शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान बाजार में बिक रहे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर नजर रखने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


