खेमपिपरा में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त, राहगीर और वाहन चालक परेशान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

नहर चौराहे पर जलभराव बना मुसीबत, बारिश में सड़क पर थम रही रफ्तार

महराजगंज। बरसात की शुरुआत के साथ ही ग्राम पंचायत खेमपिपरा स्थित नहर चौराहे पर मुख्य सड़क जलभराव की चपेट में आ गई है। बभनौली चौक से हनुमानगढ़ी होते हुए महराजगंज जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जमा पानी आवागमन में बड़ी बाधा बन रहा है। सड़क पर कई दिनों से पानी भरे रहने के कारण राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि वाहन चालकों में दुर्घटना का डर बना हुआ है।


स्थानीय लोगों के अनुसार नहर चौराहे के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। हालात यह हैं कि सड़क का एक हिस्सा तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। पानी के नीचे गड्ढे छिप जाने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई बार लोग फिसलने और वाहन असंतुलित होने की घटनाओं का सामना कर चुके हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और हर बरसात में दोहराई जाती है। बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों द्वारा समस्या की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।


बभनौली और महराजगंज को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क पर जलभराव से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।


ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा सड़क की मरम्मत कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *