सड़क किनारे उगी झाड़ियों से बढ़ी मुश्किलें, ग्रामीणों ने की तत्काल सफाई की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। पनियरा विकासखंड के सोहरौना तिवारी से बभनौली चौराहे तक जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग इन दिनों नरकट, खरपतवार और घनी झाड़ियों से घिर गया है। सड़क के दोनों किनारों पर तेजी से फैली वनस्पतियों के कारण मार्ग संकरा होता जा रहा है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की अनदेखी के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग के किनारे उगी झाड़ियां कई स्थानों पर सड़क तक फैल चुकी हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना मुश्किल हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालकों को एक-दूसरे को रास्ता देने के लिए सड़क से नीचे उतरना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।


ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही झाड़ियों और नरकट का फैलाव और तेज हो गया है। शाम के समय दृश्यता कम होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी तथा आसपास के गांवों के लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सफाई के अभाव में यह सड़क अब जोखिम भरा मार्ग बनती जा रही है।


ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सोहरौना तिवारी से बभनौली चौराहे तक सड़क के दोनों किनारों पर उगे नरकट, खरपतवार और झाड़ियों की जल्द सफाई कराई जाए। उनका कहना है कि नियमित साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई से न केवल दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा, बल्कि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *