किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक हिरासत में, पूछताछ जारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा राजा के करमहिया टोला में किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार 14 जून को करमहिया टोला निवासी एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना भिटौली पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि किशोरी की मौत आत्महत्या के कारण हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतका को आत्महत्या के लिए प्रेरित एवं उकसाने के आरोप में मंजेश उर्फ राजमणि पुत्र सुजीत, निवासी ग्राम सेमरा राजा, टोला करमहिया, थाना भिटौली के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *