परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए सोने और हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। कई दिनों से बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने अलमारी के लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, परतावल-पनियरा मार्ग पर स्थित जिद्दूपिपरा निवासी जहांगीर का मकान पिछले कुछ दिनों से बंद था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, जहांगीर की पत्नी 30 मई को अपनी पुत्री के पास नोएडा चली गई थीं, जबकि उनकी बहन भी अपने घर जिद्दूपिपरा लौट गई थीं। ऐसे में मकान की नियमित देखरेख नहीं हो पा रही थी।
परिजनों ने बताया कि 8 जून को घर की निगरानी के लिए पहुंची बहन ने सब कुछ सुरक्षित पाया था। लेकिन गुरुवार शाम करीब छह बजे जब परिवार के लोग मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर दो अलमारियों के लॉकर क्षतिग्रस्त पाए गए।
तलाशी लेने पर पता चला कि चोर दो सोने की अंगूठियां और एक हीरे की अंगूठी लेकर फरार हो चुके थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

