युवती की मां ने अपनाने से किया इंकार, युवक के पिता ने स्वीकार कर रिश्ते को दी सामाजिक मान्यता
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग का मामला सामाजिक सहमति के साथ विवाह में बदल गया। युवती की मां द्वारा बेटी को अपनाने से इंकार किए जाने के बाद युवक के पिता ने दोनों के रिश्ते को स्वीकार करते हुए विवाह कराने की सहमति दे दी। इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव के एक मंदिर में प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार गांव की एक युवती का गोरखपुर के कुसम्ही जंगल क्षेत्र निवासी युवक से काफी समय से प्रेम संबंध था। युवक का ननिहाल भी युवती के गांव में होने के कारण उसका अक्सर गांव आना-जाना रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
बताया जाता है कि गुरुवार देर रात युवक युवती से मिलने उसके घर के पास पहुंचा था। इसी दौरान युवती की मां की नजर दोनों पर पड़ गई। मामला सामने आते ही गांव में चर्चा फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को संबंधित चौकी ले जाया गया।
रात भर चली पंचायत और बातचीत के दौरान युवती ने युवक के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। वहीं युवती की मां ने उसे अपने साथ रखने से स्पष्ट इंकार कर दिया। शुक्रवार को थाने में हुई पंचायत के दौरान युवक के पिता ने दोनों को अपनाने की सहमति देते हुए विवाह कराने का प्रस्ताव रखा, जिस पर दोनों पक्षों और ग्रामीणों ने सहमति जता दी।
इसके बाद गांव के मंदिर में ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि युवक की युवती के गांव में रिश्तेदारी है। दोनों बालिग हैं और परिजनों व ग्रामीणों की सहमति से उनका विवाह करा दिया गया।

