सोनौली/महराजगंज।बरगदवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नेपाल सीमा से सटे नो मेंस लैंड के पास एक किसान का शव बरामद हुआ। खेत में धान की रोपाई करने निकले किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बरगदवा गांव के उत्तर दिशा में नेपाल सीमा के समीप शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में कराई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र शुक्रवार सुबह गांव के एक व्यक्ति के खेत में धान की रोपाई करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम उनका शव सीमा क्षेत्र के पास मिलने से परिवार स्तब्ध है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष बरगदवा धनंजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सितंबर में होनी थी बेटी की शादी
मृतक सुरेंद्र के परिवार पर इस घटना ने गहरा आघात पहुंचाया है। उनकी बड़ी बेटी ऋषि की शादी आगामी सितंबर माह में तय थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने और बेटी के विवाह की तैयारी के लिए सुरेंद्र लगातार मजदूरी कर रहे थे। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
सुरेंद्र अपने पीछे तीन बेटियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

