एसपी के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं, सात दिन से थाने का चक्कर काट रहा पीड़ित परिवार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में मारपीट के एक मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि घटना के सात दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद धूमिल होती नजर आ रही है।


पीड़ित पक्ष के अनुसार, मामले की शिकायत फरेंदा थाने के साथ-साथ उच्चाधिकारियों से भी की गई थी। उनका कहना है कि पुलिस अधीक्षक स्तर से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस अब तक प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। न्याय की मांग को लेकर परिवार लगातार थाने और अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहा है।


परिवार ने बताया कि घटना में दो महिलाएं घायल हुई हैं, जो गर्भवती हैं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पीड़ितों का कहना है कि संवेदनशील परिस्थिति होने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।


पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।


हालांकि, इस संबंध में फरेंदा पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। पुलिस का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *