भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव में पारिवारिक विवाद उस समय सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया, जब एक महिला अपने पति की कथित दूसरी शादी की तैयारी की सूचना मिलने पर छोटे बच्चे के साथ ससुराल पहुंच गई। महिला ने स्वयं को वैध पत्नी बताते हुए घर में रहने का अधिकार मांगा, जिसके बाद ससुराल पक्ष से कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, तरकुलवा तिवारी निवासी शबनम खातून का कहना है कि उसका विवाह वर्ष 2024 में गांव के ही नुरसेद अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई। इस संबंध में भिटौली थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा भी दर्ज है।
महिला का आरोप है कि पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से अलग कर दिया, जबकि मामला अभी न्यायालय और पुलिस स्तर पर विचाराधीन है। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि पति दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है और समाज में यह संदेश दिया जा रहा है कि वह स्वयं ससुराल छोड़कर चली गई थी।
इसी सूचना के बाद महिला अपने बच्चे के साथ ससुराल पहुंची और घर में रहने की मांग करने लगी। इस दौरान सास-ससुर और अन्य परिजनों से उसकी तीखी नोकझोंक हुई। महिला ने आरोप लगाया कि उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस ने महिला को उसके मायके भेज दिया तथा दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद से संबंधित मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं महिला ने पति की दूसरी शादी की आशंका जताते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला पहले से न्यायालय में चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाकर उसके पिता के घर भेज दिया और स्थिति को सामान्य कराया।

