हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार / महराजगंज। फरेंदा तहसील के धानी बाजार स्थित काक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर प्रांगण में मलमास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीरामचरितमानस महायज्ञ एवं संगीतमयी प्रवचन के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
अयोध्या धाम स्थित केशव कुटी के पूज्य श्री श्री रामदास दयालु महाराज ने प्रवचन के दौरान भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि “शिव ही सत्य हैं और समस्त सृष्टि के आधार हैं।”उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर नजर आए।इस अवसर पर गोविंद गिरि, संत गिरि, रामनिवास विश्वकर्मा, रामसेवक यादव, गजराज सहानी, गिरीशचंद्र त्रिपाठी, गोपाल मणि त्रिपाठी, गिरीश पांडेय, परमात्मा अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि शनिवार को काक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर प्रांगण में शनि देव की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

