हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav की पुत्री के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी प्रसारित किए जाने के मामले ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज को शिकायती पत्र सौंपकर दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सपा नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी न केवल एक परिवार की गरिमा पर आघात है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं के भी विपरीत है। उनका आरोप है कि फेसबुक पर प्रसारित सामग्री ने सार्वजनिक शिष्टाचार की सीमाओं का उल्लंघन किया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इस संबंध में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
मौके पर मौजूद प्रमुख लोगों में राजेश यादव, अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, आनंद निषाद, विनय प्रताप यादव, प्रफुल्ल चंद्र सागर, सुमन ओझा, रामलाल यादव और रामगोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

