महराजगंज पुलिस का अभियान जारी: 422 वाहनों का चालान, 48 अभियुक्त गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 7 मई 2026। जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग, पैदल गश्त और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिना हेलमेट, तीन सवारी, तेज रफ्तार एवं क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कुल 422 वाहनों का चालान किया गया तथा एक वाहन सीज किया गया।


शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों से 41 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। वहीं 34 पुलिस एक्ट के तहत 92 लोगों का चालान किया गया।


मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही जिले के सभी थानों में पैदल गश्त अभियान चलाकर बाजार, बैंक, एटीएम एवं ग्राहक सेवा केंद्रों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों से संवाद स्थापित कर अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की।


पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और संभ्रांत लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।


इसी क्रम में अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। थाना पुरन्दरपुर, नौतनवा, कोल्हुई, निचलौल, कोतवाली एवं कोठीभार पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कच्ची शराब, टेट्रा पैक और पाउच बरामद किए। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।


वहीं लंबित विवेचनाओं के निस्तारण अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा कुल 07 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। पुलिस के अनुसार 06/07 मई 2026 के दौरान जिले में विभिन्न अपराधों में कुल 48 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *