हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज । परतावल विकास खण्ड के ग्राम सभा श्यामदेउरवां निवासी जयसिंह चौधरी के सबसे छोटे पुत्र राहुल चौधरी ने विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए आयोजित एफएमजीई (FMGE) परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राहुल ने एमबीबीएस की पढ़ाई रूस से पूरी की थी। कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा में पहली ही बार सफलता हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का प्रमाण है।

डॉक्टर बनकर राहुल ने न सिर्फ अपने माता-पिता का सपना साकार किया, बल्कि गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा भी बने हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं गांव के लोगों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर एवं बधाइयां देकर खुशी जाहिर की। राहुल की सफलता से यह संदेश गया है कि लक्ष्य के प्रति सच्ची मेहनत और आत्मविश्वास हो तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। क्षेत्रवासियों को उनसे भविष्य में बेहतर चिकित्सा सेवा की भी उम्मीद है।
राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के साथ साथ पिता जयसिंह चौधरी, मां शीला देवी, बड़े भाई संजय, विनय, अजय, धीरज को दी है। उन्होंने बताया कि मेरी सफलता में परिवार का अहम योगदान रहा।



