महाराजगंज में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 का सफल आयोजन, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज, 11 जून 2026। आगामी बाढ़ संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA), लखनऊ के निर्देशन में जनपद महाराजगंज में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 का सफल आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय क्षमता, खोज एवं बचाव कार्यों तथा राहत व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।

जनपद की चारों तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सदर तहसील के डोमरा गांव में व्यापक बाढ़ और गांवों के चारों ओर से जलमग्न होने की स्थिति का अभ्यास किया गया, जहां फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण और पुनर्वास की कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया।

वहीं फरेंदा तहसील के जयपुरिया कॉलेज में राहत शिविर, बाढ़ चौकी और फील्ड अस्पताल की स्थापना कर आपदा के समय चिकित्सा सुविधा, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया गया।
निचलौल तहसील के गेरहवन गांव में नाव पलटने की काल्पनिक घटना के तहत खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।
नौतनवा तहसील परिसर में बाढ़ के कारण अवसंरचना ध्वस्त होने की स्थिति को दर्शाते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) को सक्रिय रखते हुए Incident Response System (IRS) के तहत सभी संबंधित विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ गोरखपुर, पीएसी फ्लड टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग सहित अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव, राहत वितरण तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का प्रभावी प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि सभी परिदृश्यों में प्रभावित व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा राहत एवं बचाव कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुए।
मॉक ड्रिल के बाद शासन स्तर पर आयोजित ब्रीफिंग सत्र में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) महाराजगंज ने सभी परिदृश्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। शासन को अवगत कराया गया कि जनपद में यह अभ्यास पूरी तरह सुव्यवस्थित, समन्वित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी विभागों, एनडीआरएफ, पीएसी फ्लड टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व और अग्निशमन विभाग सहित सभी सहभागी एजेंसियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में बेहद महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
जनपद महाराजगंज में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 की सफलता ने यह संदेश दिया कि प्रशासन किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क, प्रशिक्षित और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *