हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्यामदेउरवां पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर कुमार गौतम के पर्यवेक्षण में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 9 जून 2026 को खनन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अवैध खनन करते पाए जाने पर पंजीकरण संख्या UP 56 AT 3462 की एक जेसीबी मशीन को मौके से जब्त कर लिया गया। टीम ने मशीन को सीज करते हुए थाना श्यामदेउरवां परिसर में खड़ा कराया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में खान निरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार भारती तथा हेड कांस्टेबल सुरजीत सिंह सहित खनन एवं पुलिस विभाग के अन्य कर्मी शामिल रहे।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

