पनियरा/महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर की हरिजन बस्ती में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। आम के पेड़ पर चढ़ा युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
मृतक की पहचान गंगा प्रसाद पुत्र स्वर्गीय सोमनाथ के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गंगा प्रसाद अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी छह बहनों की शादी हो चुकी है। करीब दो वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था और उनके परिवार में नौ माह की मासूम बेटी अनुष्का है। युवक की असमय मौत से पत्नी, बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह मृतक के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

