हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
नौतनवां/महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत नौतनवां पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगे एक डंपर वाहन को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत विधिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में फर्जी नंबर प्लेट एवं ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह तथा उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन प्रसाद के मार्गदर्शन में थाना नौतनवां पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में खनुआ तिराहा पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के दौरान डंपर वाहन संख्या UP56BT2085 की जांच की गई। जांच में वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन का चालान करते हुए उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा फर्जी नंबर प्लेट का प्रयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

