यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8 जून से, एडमिट कार्ड जारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

महराजगंज से परीक्षा केंद्रों के लिए विशेष बस सेवा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। जनपद सहित प्रदेश भर में यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं।


भर्ती बोर्ड के अनुसार 8 जून की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 5 जून, 9 जून की परीक्षा के लिए 6 जून तथा 10 जून की परीक्षा के लिए 7 जून को जारी किए गए हैं। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।


परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए महराजगंज रोडवेज बस स्टेशन से विभिन्न परीक्षा केंद्रों वाले शहरों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार 7 जून की शाम से 10 जून तक सुबह 4 बजे से विशेष बसें उपलब्ध रहेंगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाने पर प्राथमिकता के आधार पर सीट उपलब्ध कराई जाएगी।


जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित रिपोर्टिंग समय से कम से कम 90 मिनट पूर्व पहुंचने की सलाह दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।


परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस एवं एसटीएफ की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, पेन, कागज अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।


जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें तथा यात्रा संबंधी जानकारी के लिए रोडवेज बस स्टेशन से संपर्क कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *