हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं जाममुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के महराजगंज कस्बे में आने की संभावना है। भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए 8 जून से 10 जून तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कस्बा महराजगंज में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
यातायात नियंत्रण के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर तथा पकड़ी चौकी को नो-एंट्री एवं डायवर्जन प्वाइंट बनाया गया है। इन स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा, ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आपातकालीन सेवाओं तथा रोडवेज की यात्री बसों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है और उनका संचालन पूर्ववत जारी रहेगा।


