मकान मालिक ने लगाया एडवांस और किराया न देने का आरोप
पुलिस की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बाद हटाया गया एटीएम का सामान
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज।परतावल चौक-गोरखपुर मार्ग पर स्थापित किए गए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के दौरान गुरुवार को किराया भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मकान मालिक और एटीएम से जुड़ी कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस की निगरानी में एटीएम से जुड़े सभी उपकरणों की वीडियोग्राफी कराकर उन्हें हटाया गया।
जानकारी के अनुसार बसहिया बुजुर्ग टोला उर्दहनी निवासी शिवशंकर गुप्ता ने अपने भवन में एसबीआई का एटीएम स्थापित करने के लिए 25 मार्च 2026 को हिटाची कंपनी के साथ अनुबंध किया था। समझौते के तहत प्रतिमाह 8,500 रुपये किराया तथा तीन माह का 25,500 रुपये अग्रिम भुगतान किया जाना तय हुआ था। मकान मालिक का कहना है कि चार माह के भीतर एटीएम मशीन, कैमरा और अन्य आवश्यक उपकरण भवन में स्थापित कर दिए गए, लेकिन किराया और अग्रिम राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसी बीच कंपनी ने एटीएम को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय ले लिया।
गुरुवार दोपहर सीनियर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के ट्रांसपोर्टर माता प्रताप दुबे अपने सहयोगियों कृष्ण कुमार सिंह और अकबर अली के साथ एटीएम हटाने पहुंचे। आरोप है कि जब मकान मालिक ने तय किराया और अग्रिम राशि की मांग की तो कंपनी प्रतिनिधियों ने भुगतान से इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराया। इसके बाद एटीएम मशीन, कैमरा, बैटरी, इन्वर्टर सहित अन्य उपकरणों की वीडियोग्राफी कराई गई और देर शाम कंपनी सभी सामान अपने साथ ले गई।
चौकी प्रभारी परतावल आलोक राय ने बताया कि एटीएम हटाने के दौरान किराया भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से एटीएम का सामान हटवाया गया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है। इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

