दो साल बाद भी सार्वजनिक भूमि पर कार्रवाई नहीं, नगर पालिका अध्यक्ष ने डीएम से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार (महराजगंज)। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की सार्वजनिक भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ने जिलाधिकारी महराजगंज को पत्र भेजकर वार्ड संख्या-21 विवेकानंद नगर (हनुमानगढ़ी) स्थित गाटा संख्या-573 की भूमि का तत्काल सीमांकन कर पिलर लगवाने और कब्जा हटाने की मांग की है।

नगर पालिका अध्यक्ष के अनुसार, गाटा संख्या-573, रकबा 0.0570 हेक्टेयर, नगर पालिका परिषद की श्रेणी 6-2 की सार्वजनिक आबादी भूमि है, जिसका उल्लेख पालिका के संपत्ति रजिस्टर में भी दर्ज है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने तत्कालीन हल्का लेखपाल से मिलीभगत कर अभिलेखों में हेरफेर कर इस भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर लिया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में 16 जुलाई 2024 को तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ने उप जिलाधिकारी निचलौल को पत्र भेजकर भूमि की पैमाइश, सीमांकन, पिलर लगाने और अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया था। लेकिन करीब दो वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर गाटा संख्या-573 का सीमांकन कराया जाए, स्थायी पिलर लगाए जाएं और यदि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाकर नगर पालिका की संपत्ति को सुरक्षित कराया जाए।
पत्र के साथ संबंधित गाटा का नक्शा और आसपास की भूमि का विवरण भी संलग्न किया गया है, जिसमें उक्त भूमि को 14 डिसमिल श्रेणी 6-2 की सार्वजनिक आबादी भूमि के रूप में दर्शाया गया है।

इस प्रकरण को लेकर नगर पालिका का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब यह देखना होगा कि जिलाधिकारी स्तर से इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई होती है और लंबे समय से लंबित इस विवाद का समाधान कब तक निकल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *