घर के बाहर सो रही महिला की सिर कूचकर हत्या, गांव में सनसनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



श्यामदेउरवा क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया गांव के लंगड़ी  टोले की घटना, दो लोग हिरासत में; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, कई पहलुओं पर जांच जारी


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव में गुरुवार देर रात घर के बाहर सो रही एक महिला की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह परिजनों ने महिला का शव खून से लथपथ हालत में देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


मृतका की पहचान 40 वर्षीय रूखमणी, पत्नी शिव नारायण, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रूखमणी गुरुवार रात भोजन करने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं। सुबह जब परिजन जागे तो उनका शव खून से सना मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि किसी कठोर वस्तु, संभवतः मच्छरदानी के डंडे से वार कर उनकी हत्या की गई है।


परिवार का कहना है कि रूखमणी की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। हालांकि, गुरुवार रात गांव में कुछ लोग शराब के नशे में थे और उन्हीं में से कुछ लोगों के साथ महिला की कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार, वारदात की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।


ग्रामीणों के अनुसार रूखमणी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि बताए जाते हैं। परिवार में चार बच्चे गुलशन (17), आरती (14), रागनी (13) और गुलजार (10) हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे गांव में भी शोक का माहौल है।


प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के शीघ्र खुलासे का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *