भुवना–कप्तानगंज मार्ग पर अवैध रूप से वृक्ष उखाड़ने में प्रयुक्त जेसीबी जब्त, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


घुघली / महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज अंतर्गत भुवना–कप्तानगंज मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान शासकीय वृक्षों को बिना सक्षम अनुमति और निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किए जड़ से उखाड़े जाने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने वृक्ष उखाड़ने में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सड़क किनारे स्थित कई शासकीय वृक्षों को बिना वन विभागीय आगणन, बिना सक्षम अनुमति तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के जेसीबी मशीन से जड़ सहित उखाड़ दिया गया।


प्रकरण की सूचना मिलने पर पकड़ी रेंज के घुघली सेक्शन प्रभारी गौरव त्रिपाठी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि अनेक वृक्षों को जड़ सहित उखाड़कर हटाया गया है, जिससे वन एवं पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वन क्षेत्राधिकारी पकड़ी रेंज सुशांत मणि त्रिपाठी के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वृक्षों को उखाड़ने में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को मौके से कब्जे में लेकर पकड़ी रेंज परिसर में खड़ा करा दिया। साथ ही संबंधित प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।


वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विकास परियोजना के तहत वृक्षों के कटान, स्थानांतरण अथवा हटाने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त करना तथा सभी विभागीय एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *