सावन से पहले दुरुस्त हो विशुनपुरवा-कटहरा मार्ग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जर्जर सड़क और जलभराव से राहगीर परेशान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उठी चिंता


चेतावनी: समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा बागापार के टोला विशुनपुरवा से प्राचीन शिव मंदिर कटहरा को जोड़ने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों तथा विशुनपुरवा गांव के पास जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते हालात और भी गंभीर हो गए हैं।


सावन माह नजदीक होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की चिंता भी बढ़ गई है। सावन के प्रत्येक सोमवार को प्राचीन शिव मंदिर कटहरा में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर सड़क और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
इस समस्या को लेकर जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने सड़क के गड्ढों को भरवाने, विशुनपुरवा में जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान कराने तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की अपील की।


रवींद्र जैन ने कहा कि सावन में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *