चोरी का सामान, दो तमंचे, सात कारतूस और ₹20,420 नकद बरामद, कई थानों में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। पुरन्दरपुर पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त ₹20,420 नकद बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में पुरन्दरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के हरैया रघुवीर गांव निवासी गंगाराम वर्मा 12 जुलाई को रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन समारोह में गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बर्तन, चांदी की पायल, कान की बाली और नकदी चोरी कर ली थी। मामले में थाना पुरन्दरपुर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने गोविन्द उर्फ गोभी (32), दिनेश यादव (50) और सुजीत यादव (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर तीनों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
यह सामान हुआ बरामद
के
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, छह सफेद धातु के सिक्के, एक एलईडी टीवी, पांच पीतल की थालियां, तीन पीतल के लोटे तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त ₹20,420 नकद बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी गोविन्द उर्फ गोभी पुरन्दरपुर, कोल्हुई, फरेंदा, पनियरा, कोतवाली और बृजमनगंज थानों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कई मुकदमों में नामजद रहा है। अन्य दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया, उपनिरीक्षक अभय सिंह, अजय कुमार, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, राहुल यादव, जनार्दन चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

