12 घंटे में महिला की मौत का खुलासा, गैर इरादतन हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पुरानी रंजिश में मारपीट के दौरान महिला की हुई थी मौत, श्यामदेउरवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी गांव में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवा पुलिस ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गुलशन साहनी पुत्र शिवनरायन साहनी निवासी कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के अजय साहनी पुत्र भोरीक साहनी तथा भरथरी साहनी पुत्र अमेरिका ने उनकी 40 वर्षीय माता रुखमिना के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।


तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 214/2026 के तहत धारा 105 एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम का गठन कर दोनों आरोपितों की तलाश शुरू की गई और घटना के 12 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय साहनी एवं भरथरी साहनी, दोनों निवासी कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।


इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आकाश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह, कांस्टेबल पंकज यादव एवं कांस्टेबल आशीष यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *