एक पेड़ मां के नाम– एक कदम हरित भविष्य के नाम अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

घुघली अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़ी बिशनपुर के शमशान घाट परिसर में लगाए गए पीपल व आम के पौधे

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड घुघली अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़ी बिशनपुर के नवनिर्मित शमशान घाट परिसर में एक पेड़ मां के नाम– एक कदम हरित भविष्य के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम प्रधान/प्रशासक मु. हुसैन एवं ग्राम पंचायत अधिकारी रंगपाल चौधरी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस दौरान पीपल एवं आम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वच्छ वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, पंचायत कर्मचारियों एवं गणमान्य लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


वक्ताओं ने कहा कि पौध-रोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देख-भाल करे तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।


इस अवसर पर ग्राम प्रधान/प्रशासक मु. हुसैन ने कहा कि मां जीवन का आधार होती हैं और वृक्ष भी मानव जीवन के लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर हरियाली बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे ताकि क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।


ग्राम पंचायत अधिकारी रंगपाल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। ग्राम पंचायत द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के साथ-साथ वृक्षारोपण को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी देख-भाल करें।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पौधरोपण के उपरांत लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देख-भाल के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी गई।


इस अवसर पर संगीता पाण्डेय ग्राम रोजगार सेवक, जनेश्वर वर्मा (कंसल्टिंग अभियंता), पंकज राय, रमेश प्रसाद सफाई कर्मी, संतोष कुमार सहित ग्राम पंचायत के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *