अन्ध्या धाम में गूंजे जयकारे: भव्य कलश यात्रा के साथ रुद्र शतचंडी महायज्ञ प्रारम्भ

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जिले के विकास खण्ड परतावल अंतर्गत ग्राम सभा अन्ध्या स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर (अन्ध्या धाम) में रविवार, 22 फरवरी 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 108 रुद्र शतचंडी महायज्ञ का विधिवत शुभारम्भ हुआ। माँ अन्ध्या जन सेवा संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर पूरे ग्राम का भ्रमण किया। शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।


यज्ञाचार्य अशोक पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर महायज्ञ का शुभारम्भ कराया। आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान 2 मार्च 2026, मंगलवार को पूर्णाहुति एवं महाभण्डारे के साथ सम्पन्न होगा। इस अवधि में प्रतिदिन हवन-पूजन, धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


प्रवचनकर्ता भैरव व्यास कथा-प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, आस्था और आध्यात्म का संदेश देंगे। आयोजन की अध्यक्षता अश्वनी कुमार मल्ल कर रहे हैं, जबकि उपाध्यक्ष राजू यादव, प्रबंधक गुड्डू यादव, ग्राम प्रधान संजय कन्नौजिया, श्याम पाण्डेय, छोटेलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष रामनाथ महानी, व्यवस्थापक विजय चन्द महानी, मंत्री राजदेव जायसवाल एवं मीडिया प्रभारी कमलेश चौधरी सहित अन्य गणमान्यजन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।

धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का भाव देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *