घुघली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में
हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली, महराजगंज। शादी का झांसा देकर एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में घुघली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष घुघली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी और किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, थाना घुघली में 9 मई 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम सिरसिया निवासी प्रदुम्न यादव उर्फ लालू पुत्र ध्रुप यादव एक नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। शनिवार को प्राप्त एक महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी प्रदुम्न यादव उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया। वहीं गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा जनपद पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शाहिद सिद्दीकी, महिला उपनिरीक्षक रुचि तथा कांस्टेबल सोनू कन्नौजिया शामिल रहे।

