महराजगंज, 6 जून। तहसील सदर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने तहसीलदार सदर को धारा 24 एवं धारा 116 के मामलों में न्यायालय द्वारा जारी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने दो कानूनगो और दो लेखपालों को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर अस्पष्ट और गलत रिपोर्ट लगाने की प्रवृत्ति बंद की जाए, अन्यथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त कुछ शिकायतों की जिलास्तरीय अधिकारियों के माध्यम से रैंडम फीडबैक भी कराई। इसमें चार शिकायतकर्ताओं ने असंतोष व्यक्त किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग से 22, पुलिस विभाग से 13, विकास विभाग से दो तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

